महागौरी माता व्रत कथा | Mahagauri Mata Vrat Katha

नवदुर्गा और नवरात्रि

नवदुर्गा | आठवें दिन

नवदुर्गा सनातन धर्म में माता दुर्गा अथवा माता पार्वती के नौ रूपों को एक साथ कहा जाता है।
इन नवों दुर्गा को पापों की विनाशिनी कहा जाता है, हर देवी के अलग अलग वाहन हैं, अस्त्र शस्त्र हैं परन्तु यह सब एक हैं।

दुर्गा सप्तशती ग्रन्थ के अन्तर्गत देवी कवच स्तोत्र में निम्नाङ्कित श्लोक में नवदुर्गा के नाम क्रमश: दिये गए हैं–

प्रथमं शैलपुत्री च द्वितीयं ब्रह्मचारिणी
तृतीयं चन्द्रघण्टेति कूष्माण्डेति चतुर्थकम् ।।
पंचमं स्कन्दमातेति षष्ठं कात्यायनीति च।
सप्तमं कालरात्रीति महागौरीति चाष्टमम् ।।
नवमं सिद्धिदात्री च नवदुर्गा: प्रकीर्तिता:।
उक्तान्येतानि नामानि ब्रह्मणैव महात्मना ।।

देवी दुर्गा के नौ रूप होते हैं जिन्हें नवदुर्गा कहा जाता है।

प्रथम दिन: शैलपुत्री
दूसरा दिन: ब्रह्मचारिणी
तीसरा दिन: चंद्रघंटा
चौथा दिन: कुष्मांडा
पाँचवाँ दिन: स्कंदमाता
छठे दिन: कात्यायनी
सातवें दिन: कालरात्रि
आठवें दिन: महागौरी
नौवें दिन: मां सिद्धिदात्री

॥ महागौरी माता ॥

माँ महागौरी का ध्यान, स्मरण, पूजन-आराधना भक्तों के लिए सर्वविध कल्याणकारी है। हमें सदैव इनका ध्यान करना चाहिए। इनकी कृपा से अलौकिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है।
मन को अनन्य भाव से एकनिष्ठ कर मनुष्य को सदैव इनके ही पादारविन्दों का ध्यान करना चाहिए।

मां महागौरी भक्तों का कष्ट अवश्य ही दूर करती है। इसकी उपासना से अर्तजनों के असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। अतः इसके चरणों की शरण पाने के लिए हमें सर्वविध प्रयत्न करना चाहिए।
महागौरी के पूजन से सभी नौ देवियां प्रसन्न होती है।

॥ शोभा-स्वरूप ॥

इनका वर्ण पूर्णतः गौर है। इस गौरता की उपमा शंख, चंद्र और कुंद के फूल से दी गई है। इनकी आयु आठ वर्ष की मानी गई है- ‘अष्टवर्षा भवेद् गौरी।’ इनके समस्त वस्त्र एवं आभूषण आदि भी श्वेत हैं।
महागौरी की चार भुजाएँ हैं। इनका वाहन वृषभ है। इनके ऊपर के दाहिने हाथ में अभय मुद्रा और नीचे वाले दाहिने हाथ में त्रिशूल है। ऊपरवाले बाएँ हाथ में डमरू और नीचे के बाएँ हाथ में वर-मुद्रा हैं। इनकी मुद्रा अत्यंत शांत है।

॥ पूजा विधि ॥

  • सर्वप्रथम नवदुर्गा पूजन हेतु घटस्थापना करें।
  • अब देवी माँ का आवाहन करें।
  • देवी माँ को पुष्प, चन्दन, अक्षत आदि अर्पित करें।
  • तत्पश्चात महागौरी माता की कथा पढ़ें।
  • अब देवी महागौरी माता की आरती करें।
  • अंत में सपरिवार माँ का आशीर्वाद ग्रहण करें।

महागौरी माता व्रत कथा

॥ महागौरी माता व्रत कथा ॥

पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए मां पार्वती ने कठिन तपस्या की थी, हजारों वर्षों तक माता ने अन्न जल ग्रहण नहीं किया था।
जिससे माता का शरीरर काला पड़ गया था। माता की तपस्या से प्रसन्न होकर भोलेनाथ ने उन्हें स्वीकार किया और माता के शरीर को गंगाजल से धोकर अत्यंत कांतिमय बना दिया।

माता का स्वरूप गौरववर्ण हो गया। जिसके बाद माता पार्वती के इस स्वरूप को महागौरी कहा गया है। माता के इस स्वरूप की विधिवत पूजा अर्चना करने से सौंदर्य की प्राप्ति होती है तथा घर में सुख समृद्धि का वास होता है।

॥ महागौरी माता दूसरी व्रत कथा ॥

वहीं माता के इस स्वरूप को लेकर एक और पौराणिक कथा काफी प्रचलित है। कालरात्रि के रूप में सभी राक्षसों का वध करने के बाद भोलेनाथ ने देवी पार्वती को काली कहकर चिढ़ाया था।
माता ने उत्तेजित होकर अपनी त्वचा को पाने के लिए कई दिनों तक ब्रह्मा जी की कड़ी तपस्या की, ब्रह्मा जी ने तपस्या से प्रसन्न होकर मां पार्वती को साक्षात दर्शन दिया और हिमालय के मानसरोवर में स्नान करने के लिए कहा।

ब्रम्हा जी की सलाह पर मां पार्वती ने मानसरोवर में स्नान किया, स्नान करते ही माता का शरीर दूध की तरह सफेद हो गया। माता के इस स्वरूप को महागौरी कहा गया।

॥ महागौरी माता तीसरी व्रत कथा ॥

धार्मिक ग्रंथों की मानें तो एक सिंह भूख से तड़प रहा था और इधर उधर भोजन की तलाश में घूम रहा था।
भोजन की तलाश में वह एक पहाड़ पर जा पहुंचा, जहां देवी उमा तपस्या कर रही थी। देवी को देखकर सिंह की भूख बढ़ गई और देवी की तपस्या खत्म होने का इंतजार करते हुए वहीं बैठ गया।

देवी के इंतजार में वह भूख के मारे काफी कमजोर हो गया। तपस्या से उठने के बाद माता को उसकी हालत देख दया आ गई। मां ने उसे अपना वाहन बना लिया, क्योंकि उसने भी कड़ी तपस्या की थी।

error: Content is protected !!